उज्जैन। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी आगे बढ़ें। भारत के एक-एक व्यक्ति इस कार्य में सहयोग करे। मध्य प्रदेश ने शहरी और ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री
डॉ.मोहन यादव और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने उज्जैन में सफाई मित्रों का सम्मान किया व राष्ट्रपति ने 1692 करोड़ के उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन का भूमिपूजन किया। राष्ट्रपति का राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री डॉ.प्रतिमा बागरी उपस्थित थे। राष्ट्रपति ने कहा कि अवंतिका बाबा महाकाल की पवित्र, दिव्य एवं पावन नगरी है। गुप्तकाल भारतीय इतिहास का स्वर्ण युग रहा है और उस समय उज्जैन महत्वपूर्ण नगर था। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने कहा कि उज्जैन एवं प्रदेश में आधुनिक विकास के अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। उज्जैन-इन्दौर सिक्सलेन मार्ग का भूमिपूजन किया गया है। यहां विक्रम उद्योगपुरी में मेडिकल डिवाइसेस पार्क बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में एक्सप्रेस-वे एवं एलीवेटेड कॉरिडोर बनाये जा रहे हैं। इन सभी के लिये मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के प्रयास सराहनीय हैं।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रपति के आगमन पर प्रदेश वासियों की ओर से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में स्वच्छता क्रांति का सूत्रपात हुआ है। हमारे शहरों और नागरिकों ने स्वच्छता को आत्मसात करते हुए पूर्णकालिक विषय
के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि इंदौर-उज्जैन 6 लेन परियोजना उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को और अधिक सुगम व आसान बनाएगी। सात पवित्रतम नदियों में शामिल शिप्रा के तट पर बाबा महाकाल की नगरी में राष्ट्रपति के
पधारने पर अभिनंदन है। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह दिन ऐतिहासिक होकर नई सौगात लेकर आया है। कहा जाता है कि शिप्रा तट पर जो भी व्यक्ति आते हैं
और जैसा सोचते हैं, परमात्मा उसे जीवनकाल में उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर का बडा महत्व है और महारानी अहिल्याबाई का 3सौ वां जन्म उत्सव चल रहा है।
लघु फिल्म का प्रदर्शन
उज्जैन के विकास कार्यो को लेकर बनाई गई लघु फिल्म का भी समारोह के दौरान प्रदर्शन किया
गया। लघु फिल्म के माध्यम से उज्जैन में होने वाले विकास कार्यो को दर्शाया गया है।
समारोह का शुभारम्भ एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
