उज्जैन। संभाग पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के पदाधिकारियों ने पूर्व सैनिक साथियों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम पत्र नमित यादव को सौंपा। पत्र में आग्रह किया गया कि सिपाही सुनील गुर्जर (23 जाट रेजिमेंट, निवासी ग्राम नानुखेड़ा, तहसील तराना) 9 अक्टूबर 2021 को छुट्टी से अपनी ड्यूटी पर जाते समय सड़क दुर्घटना में शहीद हो गए थे। उस समय शहीद का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम में सेना एवं प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ विशाल जन सैलाब की उपस्थिति में किया गया था। उस समय क्षेत्रीय विधायक महेश परमार ने शहीद सिपाही सुनील गुर्जर की स्मृति में द्वार बनवाने की घोषणा की थी। किन्तु शहीद की स्मृति में कोई द्वार निर्माण या प्रतिमा की स्थापना नहीं करवाई जा सकी। अतः शहीद के परिजनों ने स्वयं की भूमि पर करीब 7 लाख रूपए व्यय कर शहीद सुनील गुर्जर की प्रतिमा एवं चबूतरे का निर्माण करवाया। जिसका 8 जून सुबह 10 बजे लोकार्पण किया जाना है। पूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष सूबेदार कमल सोनी ने मुख्यमंत्री से  निवेदन किया है कि सुनील गुर्जर की प्रतिमा अनावरण राजकीय सम्मान के साथ हो। शहीद के परिवार द्वारा प्रतिमा निर्माण आदि में जो व्यय किया गया है, उतनी राशि शासन से परिवार को लौटाई जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *