उज्जैन। मध्यप्रदेश के देवेंद्र पाटीदार ने 3 स्वर्ण एवं सिद्धि गुप्ता ने 2 स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली है। इस अवसर पर मल्लखंब फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मेनपाल ऐलवाल एवं वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने खिलाडियों को पुरस्कृत किया। व्यक्तिगत मुकाबलो में प्रदेश टीम के प्रतिभाशाली खिलाडी देवेंद्र पाटीदार ने आलराउंड स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही पोल मल्लखंब एवं हैंगिंग मल्लखंब पर स्वर्ण पदक तथा रोप मल्लखंब पर रजत पदक प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रदेश की सिद्धि गुप्ता ने आलराउंड स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही पोल मल्लखंब पर स्वर्ण पदक प्राप्त किया। यतीन कोरी ने आलराउंड रजत पदक व पोल मल्लखंब पर कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम की उपलब्धि का श्रेय कोच योगेश मालवीय को है। इंटरनेशनल मल्लखंब अंपायर डॉ. आशीष मेहता, टीम मैनेजर संतोष राठौड़, प्रशिक्षक चंद्रशेखर चौहान, भारत सिंह बांधेवाल, शिवांश कौशल, श्वेता चौहान, लोकेश नायक तथा राष्ट्रीय अंपायर दर्शनी त्रिपाठी एवं मनीष पवार विशेष रूप से उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश टीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग, खेल संचालक श्री राकेश कुमार गुप्ता, असिस्टेंट डायरेक्टर बी. एस. यादव तथा मल्लखंभ एसोसिएशन के श्री किशोरी शरण श्रीवास्तव ने टीम को शुभकामनाएं दीं।
