उज्जैन। बाबा साहब के जन्म महोत्सव को लेकर अजाक्स ने संविधान धर्म जागरण रथ यात्रा निकाली। यात्रा के माध्यम से 14 दिनों तक जिले के सभी गांव एवं शहरों में जाकर अजाक्स ने बाबा साहब का संदेश पहुंचाया। जिला अध्यक्ष डॉ आरएल परमार एवं संभागीय अध्यक्ष जगन्नाथ बागड़ी ने बताया कि अजाक्स ने डॉ. बीआर आंबेडकर जयंती मनाई। टावर पर एक शाम भीम के नाम, भारतीय संविधान धर्मसभा एवं अभा कवि सम्मेलन किया। मुख्य अतिथि सांसद उमेश नाथ उपस्थित थे। क्षीरसागर स्टेडियम से संविधान धर्म जागरण रथ यात्रा निकाली गई, जो टावर पर समाप्त हुई। यहां पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर 14 दिन की रथ यात्रा का समापन किया। संविधान की शपथ दिलाई गई। जिला अध्यक्ष ने कहा-बाबा साहब का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का काम किया। प्रांतीय सचिव महेश विरोलिया, रमेश चांगेसिया, रमेशचंद्र सूर्यवंशी आदि उपस्थित थे।
