उज्जैन। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम किए जाएं। गणेश चतुर्थी के साथ ही आगामी त्योहारों के दौरान सभी जिला अधिकारी मुख्यालय पर ही रहें। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने समयसीमा की बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गणेश विसर्जन की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि 19 सितंबर को जिले में राष्ट्रपति के आगमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति महोदया का श्री महाकालेश्वर मंदिर दर्शन
और स्वच्छता कर्मियों के सम्मान का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रोटोकॉल अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जिले में लंबित विकास प्रोजेक्ट्स को राज्य स्तर से समंवय कर उनका तत्परता से निराकरण कराएं। रेलवे, दूरसंचार, आदि केंद्र सरकार के विभागों और एजेंसियों से संबंधित मुद्दों के निराकरण के लिए भी बैठक की जाए। उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रगतिरत निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश प्राधिकरण को दिए। कलेक्टर श्री सिंह में बैठक में
आईटी पार्क निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली। राजस्व महाअभियान की प्रगति की भी कलेक्टर ने तहसीलवार समीक्षा कर नक्शा तरमीम और ईकेवाईसी में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा के तहत स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत जयती सिंह ने स्वच्छता ही सेवा की कार्ययोजना की जानकारी दी।
