उज्जैन। शंकरपुर वार्ड 40 में स्थित रविदास मंदिर को पटवारी ने गलत तरीके से तोड़ दिया। इस पर रविदास समाज के लोगों ने नाराजगी जताई है। समाज के संभागीय अध्यक्ष मनोहर सुरेश कुसवारिया एवं कैलाश चंद राठौड़ ने बताया कि मंदिर पिछले 15 साल से बना हुआ था। इसे गलत तरीके से तोड़ दिया है। इस मामले में रविदास समाज के लोगों ने कलेक्टर से पटवारी के खिलाफ कार्रवाई करने और मंदिर को पुनः उसी जगह पर स्थापित करने की मांग की है। उन्होने कलेक्टर के नाम ज्ञापन दिया और कहा 2 दिन में हमारी मांग नहीं मानी गई तो समाज बाबा साहब की प्रतिमा पर धरना प्रदर्शन करेगा। संभागीय अध्यक्ष का कहना है कि भूमि के एक हिस्से में अवैध फैक्ट्री का हिस्सा भी आता है, जिसे नहीं तोड़ा गया है। संत रविदास की जयंती होना थी, लेकिन पटवारी ने भू-माफियाओं के दबाव में मंदिर तोड़ दिया। कलेक्टर के प्रतिनिधि ने ज्ञापन लेकर रविदास समाज के लोगों को जांच करने का आश्वासन दिया है।
