भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अभा प्रतिनिधि सभा में संघकार्य का वृत्त प्रस्तुत किया गया। मध्यभारत प्रांत में भी तेजी से संघकार्य बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने मंडल और बस्ती तक संघकार्य को पहुँचाया। संघ की रचना से महानगरीय एवं ग्रामीण जिलों के 2129 स्थानों पर 3384 शाखाएं चल रही हैं। शताब्दी वर्ष में प्रांत की प्रत्येक बस्ती और मंडल तक संघ के कार्यविस्तार का लक्ष्य है। संघकार्य की समझ बढ़ाने एवं कार्यकताओं के व्यक्तित्व विकास की दृष्टि से संघ प्रतिवर्ष संघशिक्षा वर्ग करता है।
विजयादशमी उत्सव अधिकतम स्थानों पर गणवेश में कार्यक्रम होंगे। प्रत्येक गांव एवं बस्ती में घर तक संपर्क करने की योजना है। सभी मंडलों और बस्तियों में हिन्दू सम्मेलन होंगे। खंड व नगर स्तर पर सामाजिक सद्भाव बैठकें होंगी। हिंदुत्व, पंच परिवर्तन, राष्ट्रीयता, एक राष्ट्र एक जन एक संस्कृति, इस प्रकार के विषयों पर नागरिक संवाद होंगे। युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम होंगे। 15 से 30 साल की आयु के युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण, सेवा गतिविधियों और पंच परिवर्तन पर केंद्रित कार्यक्रम किए जाएंगे।संघ ने बांग्लादेश के हिंदू समाज के साथ एकजुटता से खड़े रहने का आह्वान शीर्षक से एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किया।