उज्जैन। संत निरंकारी मिशन प्रोजेक्ट अमृत में स्वच्छ जल, स्वच्छ मन परियोजना के तृतीय चरण का देशव्यापी शुभारंभ माता सुदीक्षा एवं रमितजी के सान्निध्य में 23 फरवरीको होगा। मीडिया सहायक विनोद गज्जर ने बताया कि देशभर के 16सौ जल स्त्रोत स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। दिल्ली स्थित यमुना के छठ घाट, देश की सभी नदियों सहित उज्जैन की शिप्रा पर 23 फरवरी को सुबह 8 बजे से सैंकड़ों निरंकारी भक्त जमी काई, कीचड़, प्लास्टिक कचरा आदि गंदगी को साफ करेंगे। जोन में भी स्चच्छता अभियान चलाया जाएगा। उज्जैन के मुखी त्रिलोक बेलानी ने बताया कि माता सुदीक्षा भी अक्सर यही प्रेरणा देते हैं कि हम इस धरती को और भी अधिक सुंदर स्वरूप में छोड़कर जाएं। यह अभियान उसी संकल्प का एक साकार स्वरूप है। जोनल इंचार्ज राजकुमार गंगवानी ने बताया कि संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह की प्रेरणादायक शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से प्रोजेक्ट अमृत का शुभारंभ किया था। संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि यह वृहद अभियान देशभर में 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 9सौ से अधिक शहरों में 16सौ से भी अधिक स्थानों पर एक साथ होगा।
