उज्जैन। महाकाल मंदिर में नियम तोड़कर गर्भगृह में जाकर दर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए। यह मांग अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन मध्यप्रदेश के वरिष्ठ कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप धारिया एवं उपाध्यक्ष अरविंद जैन ने की है। धारिया व जैन ने कहा कि विगत दो, तीन साल से प्रदेश एवं देश के विभिन्न नेता एवं जन प्रतिनिधि महाकाल के गर्भगृह में अनाधिकृत रूप से प्रवेश करते हैं। जबकि आम लोगों को गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं है। हाल ही में नेताओं ने फिर नियम तोड़ा। जिला प्रशासन व मंदिर समिति उन पर कार्रवाई करे। धारिया एवं जैन ने प्रदेश के मुखिया से मांग की है कि यदि प्रशासन व्यवस्था बनाए रखने में असफल है, तो सामाजिक संस्थाओं का सहयोग प्राप्त करे। इस तरह की घटनाओं से देशभर में महाकाल मंदिर की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है।