उज्जैन। रामघाट मार्ग स्थित रामानुजकोट आश्रम में आचार्य षष्टयब्दपूर्ति महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को समतामूर्ति श्री रामानुज अलंकरण सम्मान दिया गया। प्रबंधक पं. आत्माराम शर्मा ने बताया मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में कहा कि महाकाल की नगरी अवंतिका अनंत है। मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश जीके महेश्वरी को रामानुज कोट के धर्माचार्य संत स्वामी श्री गादी जी ने समतामूर्ति श्री रामानुज अलंकरण सम्मान दिया। इस अवसर पर आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी रंगनाथाचार्य, युवराज स्वामी माधव प्रपन्नाचार्य प्रमुख रूप से मौजूद थे। सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री माहेश्वरी ने कहा कि समानता हमारे सनातन संस्कृति में वेद पुराणों के साथ हमारे संविधान में भी उल्लेखित है। सुबह सुदर्शन महायज्ञ, चतुर्वेद पारायण, तिरुमंजन अभिषेक अनुष्ठान की पूर्णाहुति की गई। दोपहर में 12 बजे आचार्यों का पाद पूजन व 12.30 बजे से स्वामी रंगनाथाचार्य का अभिषेक किया गया।