श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण महिना शुरू होने के बाद अब प्रत्येक सोमवार को मंदिर में दर्शन व्यवस्था के तहत शीघ्र दर्शन 250 रूपए वाली रसीद और प्रोटोकाल व्यवस्थाएं बंद रहेगी। वहीं शुक्रवार से ही महाकाल मंदिर का परिसर भक्तों के लिए खुल गया है। कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने 10 जुलाई को निकलने वाली बाबा महाकाल की पहली सवारी की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक ली।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण महिना प्रारंभ होते ही देशभर के भक्तों की भीड़ भी मंदिर में दर्शन के लिए आने लगी है। श्रद्धालुओं को सुविधा पूर्वक दर्शन कराने के लिए कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने सोमवार को अधिक भीड़ होने से 250 रूपए वाली शीघ्र दर्शन व्यवस्था और प्रोटोकाल की व्यवस्था बंद रखने के निर्देश मंदिर प्रशासन को दिए है। कंट्रोल रूम पर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान 10 जुलाई को निकलने वाली बाबा महाकाल की श्रावण की प्रथम सवारी की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई है। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए है कि नगर निगम सवारी मार्ग के जर्जर भवनों पर अपनी ओर से प्रत्येक सवारी निकलने के पूर्व 2-2 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए। ऐसे भवनों तथा खुली दीवारों पर कोई भी श्रद्धालु न चढ़े। सवारी मार्ग की सभी नालियों को पैक कराया जाए। बैठक में कहा कि सवारी के दौरान अधिक प्रेशर वाले पाइंट्स का पहले की वीडियो देखकर अध्ययन कर निराकरण किया जाए। बैठक में एसपी सचिन शर्मा,एडीएम अनुकूल जैन, एएसपी आकाश भूरिया, मन्दिर समिति प्रशासक संदीप सोनी, स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक एवं प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *